नाहन ( संध्या कश्यप , संवाददाता ),
नाहन: पांवटा साहिब के भूपूर में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पूर्व सैनिक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 48 वर्षीय सुखदर्शन शर्मा पुत्र राम नाथ सिंह, निवासी कठना (जामली), सुरला के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुखदर्शन शर्मा शुक्रवार को भूपूर स्थित अपनी जमीन देखने गए थे। इसी दौरान वह अपनी बाइक (HP 18A 6774) पर सवार होकर जा रहे थे। भूपूर में इन दिनों सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित है। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुखदर्शन शर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल सुखदर्शन शर्मा को 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो साल पहले सेना से हुए थे सेवानिवृत्त
देवका पुरला पंचायत की प्रधान दीपिका चौहान ने बताया कि सुखदर्शन शर्मा करीब दो साल पहले भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद वह डीएससी (डिफेंस सिक्योरिटी कोर) में सेवाएं दे रहे थे और वर्तमान में जैसलमेर (राजस्थान) में तैनात थे। उनके अचानक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।
वहीं, पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
