ब्यूरो रिपोर्ट।
हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर के चौक बाजार के समीप शुक्रवार देर शाम दो गुटों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। मृतक की पहचान हरियाणा के कालका निवासी अमन के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर युवकों के दो गुटों में कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमले में अमन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौत हो गई। वहीं, एक अन्य युवक की उंगली कट गई, जबकि एक युवक के सिर पर तेजधार हथियार से वार किया गया। दोनों घायलों का क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में उपचार चल रहा है।वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों मंथन और अंकुश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और वारदात के कारणों की जांच की जा रही है।घटना के बाद एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा और एएसपी रमेश शर्मा भी क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। अधिकारियों ने पुलिस टीम को मामले की हर पहलू से जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में हालिया घटनाओं को देखते हुए पुलिस गश्त की समीक्षा कर कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने का आश्वासन दिया है।चौक बाजार जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब मामले की आगामी जांच में जुटी है।