ब्यूरो रिपोर्ट।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में दो नाबालिग बहनों के रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मामला जोगेंद्रनगर उपमंडल की बस्सी पुलिस चौकी क्षेत्र का है। मनोह निवासी गुड्डी देवी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी दो नाबालिग बेटियां करीब एक सप्ताह पहले बिना किसी सूचना के घर से कहीं चली गईं और तब से उनका कोई पता नहीं चल सका।परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इससे परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।शिकायत में महिला ने आशंका जताई है कि उनकी बेटियों को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दोनों नाबालिग बहनों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर खोजबीन शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा नाबालिगों का जल्द पता लगाने के प्रयास जारी हैं।