फेसबुक पर ट्रेडिंग ऐप का झांसा, कुमारसैन के व्यक्ति से 7.82 लाख रुपये की साइबर ठगी

0
56

ब्यूरो रिपोर्ट।

ऑनलाइन निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच एक बार फिर महंगा साबित हुआ है। शिमला जिले के कुमारसैन उपमंडल के कवाणू गांव निवासी एक व्यक्ति साइबर ठगों के झांसे में आकर 7,82,668 रुपये गंवा बैठे।पीड़ित सुनील मेहता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने फेसबुक पर एक ट्रेडिंग ऐप का विज्ञापन देखा था, जिसमें निवेश की गई राशि को कम समय में दोगुना करने का दावा किया गया था। विज्ञापन से प्रभावित होकर उन्होंने शातिरों के निर्देशानुसार अलग-अलग किस्तों में कुल 7.82 लाख रुपये निवेश कर दिए।कुछ समय बाद जब न तो कोई मुनाफा मिला और न ही जमा की गई राशि वापस निकल पाई, तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दो शिकायतें दर्ज करवाईं।शिकायत के आधार पर पहले साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन शिमला में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। मामला कुमारसैन थाना क्षेत्र का होने के कारण इसे आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस थाना कुमारसैन भेज दिया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अब साइबर ट्रेल के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। बैंक खातों के लेन-देन, निवेश की प्रक्रिया और जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई, उनकी गहन जांच की जा रही है ताकि साइबर ठगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।पुलिस की अपील:पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर दिखने वाले निवेश और ट्रेडिंग से जुड़े आकर्षक विज्ञापनों के झांसे में न आने की अपील की है। किसी भी अनजान ऐप या लिंक पर निवेश करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here