स्कूल पहुंचने के बाद मिली छुट्टी की सूचना, प्रशासनिक देरी से बारिश में भटके नौनिहाल

0
130

ओपी शर्मा चंबा

खराब मौसम और लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जिला प्रशासन ने शुक्रवार को उपमंडल चंबा और डलहौजी के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया। हालांकि, चंबा उपमंडल के कई ग्रामीण क्षेत्रों में अवकाश संबंधी आदेश देर से पहुंचने के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी सुबह निर्धारित समय पर स्कूल पहुंच गए। बाद में छुट्टी की सूचना मिलने पर उन्हें बिना पढ़ाई किए ही वापस घर लौटना पड़ा।ग्रामीणों के अनुसार प्रशासन की ओर से अवकाश का आदेश ऐसे समय जारी किया गया, जब अधिकांश बच्चे घरों से स्कूल के लिए निकल चुके थे या विद्यालय पहुंच चुके थे। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को भारी बारिश के बीच अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा।प्रशासन ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चंबा और डलहौजी उपमंडलों के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया। प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय खराब मौसम और संभावित जोखिम को देखते हुए एहतियात के तौर पर लिया गया।वहीं, स्थानीय लोगों ने मांग उठाई है कि भविष्य में मौसम संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए अवकाश के आदेश समय पर जारी किए जाएं, ताकि दूर-दराज़ के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को बारिश और खराब मौसम के बीच अनावश्यक आवाजाही न करनी पड़े। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ-साथ अभिभावकों की चिंता भी कम होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here