ओपी शर्मा चंबा
चम्बा, 31 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के सलूणी उपमंडल से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। संघणी पंचायत के प्रेढ़ गांव की रहने वाली शबनम (पुत्री गुलाम नबी) गुरुवार शाम जंगल से भेड़-बकरियां चराकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में पैर फिसलने से वह उफनते नाले में बह गई। शुक्रवार सुबह उसका शव जलाड़ी के समीप सियूल नदी से बरामद किया गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों ने रातभर संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। शुक्रवार सुबह तलाश अभियान दोबारा शुरू किया गया, जिसके दौरान जलाड़ी के पास सियूल नदी से युवती का शव बरामद हुआ। भांदल पंचायत के प्रधान सुरेश कुमार ने शव मिलने की पुष्टि की है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। युवती की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।प्रशासन ने घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के परिजनों को नियमों के तहत 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, शेष 3 लाख 75 हजार रुपये की मुआवजा राशि आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पात्र परिजनों को जल्द जारी की जाएगी।रोजी-रोटी की तलाश में जंगल गई युवती की इस दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
