दिल्ली के आंदोलन पर कांग्रेस से सवाल: पंजाब पेपर लीक मामले में मंत्रियों से इस्तीफा मांगेंगे क्या?

0
18

दीपांशु शर्मा हरिपुरधार।

जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के लागू होने से देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य की रक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम उठाया गया है।मेलाराम शर्मा ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता किसी भी राष्ट्र की प्रतिभा-आधारित व्यवस्था की आधारशिला होती है। पेपर लीक जैसी घटनाएं न केवल लाखों मेहनती अभ्यर्थियों के सपनों को तोड़ती हैं, बल्कि पूरे परीक्षा तंत्र की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े करती हैं।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा कानून को और अधिक सख्त बनाते हुए पेपर लीक माफिया के खिलाफ कठोर दंड का प्रावधान किया जाना स्पष्ट संदेश है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब देश में कोई स्थान नहीं है।जिला भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्व और राजनीतिक लाभ लेने वाले लोग युवाओं को भ्रमित कर दिल्ली में जिस तरह का उपद्रव कर रहे हैं, उससे न केवल राष्ट्र की छवि को नुकसान पहुंचा है, बल्कि राष्ट्रीय संपत्ति को भी क्षति पहुंची है।मेलाराम शर्मा ने कहा कि जिस समय दिल्ली में कुछ लोग युवाओं के कंधे पर बंदूक रखकर देश का नुकसान करने का प्रयास कर रहे थे, उसी समय पंजाब में फार्मेसी ऑफिसर्स की परीक्षा का पेपर लीक होने का मामला सामने आया। उन्होंने आरोप लगाया कि लीक हुआ पेपर कथित तौर पर 10 से 15 लाख रुपये में बेचा गया।उन्होंने दिल्ली में उपद्रव करने वालों के आंदोलन का समर्थन करने वाले कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि क्या वे पंजाब में फार्मेसी ऑफिसर्स के पेपर लीक मामले को लेकर पंजाब के शिक्षा मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से भी इस्तीफा मांगेंगे।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को युवाओं के भविष्य से कोई सरोकार नहीं है। मेलाराम शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले हर वर्ष एक लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन साढ़े तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद यह वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इस हिसाब से अब तक हिमाचल के करीब 3.50 लाख युवाओं को रोजगार मिल जाना चाहिए था।उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कड़े कानून बना रही है, जबकि कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ के लिए युवाओं को गुमराह करने का काम कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here