जयदेवी में 34 वर्षीय अध्यापिका ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी

0
41

मंडी ( नितेश सेनी , संवाददाता ),

मंडी जिला के बीएसएल पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जयदेवी में एक 34 वर्षीय अध्यापिका द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने का दुखद मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आशिमा पत्नी काशीम अली, निवासी गांव भोजपुर, डाकघर भोजपुर, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी, राजकीय विद्यालय जयदेवी में अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने सरकारी क्वार्टर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को दी। इसके बाद अध्यापिका को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बीएसएल पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर और अधिक जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अभी तक आत्महत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी साझा की जाएगी।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी भरोसेमंद परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करें। समय पर सहायता जीवन बचा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here