नाहन ( संध्या कश्यप , संवाददाता ),
सिरमौर जिले की नाहन तहसील की देवनी पंचायत के कोंथरो गांव में जहरीले जीव के काटने से 18 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक युवक नाहन आईटीआई का छात्र था।
मृतक की पहचान अरमान अली पुत्र महमूद अली, निवासी कोंथरो के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी देते हुए मृतक के पड़ोसी शराफ़त अली ने बताया कि खुद अरमान या उसके परिवार को शुरुआत में इस बात का बिल्कुल भी अहसास नहीं हुआ कि उसे किसी जहरीले सांप ने काट लिया है। देर रात को करीब 2:30 बजे अचानक अरमान को तेज बेचैनी महसूस होने लगी। लेकिन तबीयत लगातार बिगड़ते देख परिजन सुबह 4 बजे के आसपास युवक को डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और सुबह 8 बजे के आसपास डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में जब डॉक्टरों ने युवक के ब्लड सैंपल लिए और उसकी गहन जांच की, तब जाकर इस बात का पुख्ता खुलासा हुआ कि अरमान की मौत किसी सामान्य बीमारी से नहीं, बल्कि शरीर में चुपचाप फैले सांप के जहर (सर्पदंश) की वजह से हुई है।
अरमान अली अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
