सोलन में सनसनी: पत्नी की हत्या की साजिश नाकाम, 80 मीटर गहरी खाई में फेंकने वाले तीन आरोपी आधे घंटे में गिरफ्तार

0
21

सोलन ( नरेंद्र कुमार , संवाददाता ),

सोलन जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए एक महिला की हत्या की कोशिश करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को पुलिस चौकी सपरून को सूचना मिली कि कुछ लोगों ने एक महिला को सड़क से करीब 80 से 100 मीटर गहरी ढांक में फेंक दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सपरून और थाना सदर सोलन की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शी नरेश कुमार ने बताया कि उसने तीन युवकों को एक महिला के साथ देखा था। शक होने पर जब वह वापस लौटा तो देखा कि आरोपी महिला को गहरी खाई में धक्का देकर फरार हो गए।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया। घायल महिला झाड़ियों के सहारे बाईपास रोड तक पहुंच गई, जहां से उसे सिविल अस्पताल सोलन ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगाली के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी दलीप कुमार, उसके भाई शिवम और उनके साथी मदन कुमार के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि घायल महिला दलीप कुमार की पत्नी है। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि दलीप ने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची। महिला को घूमने के बहाने उत्तर प्रदेश से सोलन लाया गया, जहां पहले उसके गले पर चाकू से वार किया गया और फिर हत्या की नीयत से गहरी ढांक में फेंक दिया गया।

फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here