मंडी ( नितेश सेनी , संवाददाता ),
सुंदरनगर : जिला मंडी के सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत ऊपरी बेहली के समकल गांव से एक बेहद दुखद समाचार सामने आया है। गांव के 25 वर्षीय निखिल कौशल, पुत्र नंद लाल, की यूरोपीय देश सर्बिया में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना की सूचना जैसे ही परिजनों तक पहुंची, पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, निखिल करीब डेढ़ वर्ष पहले बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से रोजगार के लिए सर्बिया गया था। वह अपने माता-पिता का सहारा बनने और परिवार के सपनों को पूरा करने के लिए विदेश में मेहनत कर रहा था। परिवार में उसके माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई भी है। पिता सुंदरनगर क्षेत्र में निजी कार्य करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन निखिल नहाने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि पहली बार नहाकर बाहर आने के बाद उसे अत्यधिक पसीना आने लगा। इसके बाद वह दोबारा पानी में उतर गया, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। साथ मौजूद7 उसके दोस्तों और स्थानीय लोगों ने जब उसकी तलाश की तो उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उसे बचाने के प्रयास सफल नहीं हो सके।
घटना के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। सर्बिया की स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
निखिल के चचेरे भाई सागर और सुनील ने बताया कि उन्हें यह दुखद सूचना सर्बिया में मौजूद उसके दोस्तों के माध्यम से मिली। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि निखिल की मौत किन परिस्थितियों में हुई। साथ ही उन्होंने भारत सरकार और संबंधित अधिकारियों से निखिल का शव जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था करने की अपील की है, ताकि उसका अंतिम संस्कार अपने पैतृक गांव में पूरे हिंदू रीति-रिवाजों के साथ किया जा सके।
उधर, सोशल मीडिया पर निखिल कौशल के निधन की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। वहीं, क्षेत्र के लोग भी सरकार से आग्रह कर रहे हैं कि निखिल का पार्थिव शरीर शीघ्र भारत लाने और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
