चोरबांए के समीप युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

0
88

झंडूता (जीवन सिंह , संवाददाता )

उपमंडल झंडूता के चोरबांए पुल के पीछे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 जून को ग्राम पंचायत डाहड़ के उपप्रधान अजय कुमार ने थाना झंडूता में सूचना दी कि गांव खलसाए निवासी सुमित कुमार पुत्र रूप लाल का शव चोरबांए पुल के पीछे पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राजकीय प्राथमिक पाठशाला चोरबांए के समीप युवक का शव बरामद किया।

मौके पर मृतक के पिता रूप लाल तथा अन्य लोगों से पूछताछ में पता चला कि सुमित कुमार बस कंडक्टर के रूप में कार्यरत था। वह पिछले दिन शाम करीब 6:30 बजे बस से उतरने के बाद घर नहीं पहुंचा। इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आने लगा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और मंगलवार को खोजबीन के दौरान उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर संयुक्त निरीक्षण किया। घटनास्थल से चप्पलें, उल्टी तथा एक ट्यूब सहित अन्य भौतिक साक्ष्य कब्जे में लिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले, केवल माथे के दाहिनी ओर हल्का रगड़ का निशान पाया गया।
शव का पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में करवाया गया है। पुलिस थाना झंडूता में धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है । मामले की पुष्टि थाना प्रभारी झंडूता राजेंद्र ने की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here