हिमाचल में 305 अंग्रेजी शिक्षकों की नियुक्ति, 5 दिन में ज्वाइनिंग के आदेश

0
48

ब्यूरो रिपोर्ट।

हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने सीबीएसई से संबद्ध राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में 305 अंग्रेजी शिक्षकों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की सिफारिश पर चयनित अभ्यर्थियों को “स्कीम फॉर स्कूल्स ऑफ एक्सीलेंस इन हिमाचल प्रदेश” के तहत नियुक्त किया गया है।जारी आदेशों के अनुसार चयनित शिक्षकों को प्रदेश के विभिन्न सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में पांच वर्ष की निश्चित अवधि के लिए तैनात किया जाएगा। उन्हें प्रति माह 30 हजार रुपये का समेकित मानदेय मिलेगा, जो एक शैक्षणिक सत्र में केवल 10 माह के लिए देय होगा।शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये नियुक्तियां नियमित पदों के विरुद्ध नहीं हैं और इससे भविष्य में नियमित सरकारी नौकरी का कोई अधिकार प्राप्त नहीं होगा। नियुक्त शिक्षकों को ज्वाइनिंग के समय विभाग के साथ एग्रीमेंट, बॉन्ड और स्व-घोषणा पत्र भरना अनिवार्य होगा।विभागीय आदेशों में कहा गया है कि आवश्यकता पड़ने पर इन शिक्षकों की सेवाएं प्रदेश के अन्य सरकारी विद्यालयों में भी ली जा सकेंगी। उन्हें प्राथमिक से वरिष्ठ माध्यमिक स्तर तक विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा, लेखन एवं बोलचाल कौशल का प्रशिक्षण देना होगा। साथ ही संस्थान प्रमुख के निर्देशानुसार अतिरिक्त रिमेडियल कक्षाएं भी संचालित करनी होंगी।नियुक्त शिक्षकों को हिमकेयर और आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिलेगा, जबकि सीसीएस, अवकाश नियम और पेंशन जैसी नियमित सरकारी सेवा सुविधाएं लागू नहीं होंगी। इसके अलावा उन्हें वर्ष में 10 आकस्मिक अवकाश (कैजुअल लीव) तथा मातृत्व लाभ अधिनियम के तहत निर्धारित अवकाश की सुविधा प्रदान की जाएगी।शिक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि सेवा अवधि के दौरान अनुशासनहीनता, कदाचार, आपराधिक गतिविधियों अथवा पात्रता संबंधी किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित शिक्षक की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त की जा सकती है। विभाग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को पांच दिन के भीतर अपने-अपने नियुक्ति स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here