ब्यूरो रिपोर्ट।
मंडी जिले के उपमंडल करसोग के सनारली क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 24 वर्षीय एक युवक ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक की पहचान सुरेश उर्फ सज्जू निवासी गांव वखरास, डाकघर वखरौट, तहसील करसोग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेश पेशे से वाहन चालक था और इन दिनों सनारली में किराए के कमरे में रह रहा था। शनिवार देर शाम उसने अपने कमरे के साथ बने किचन में पंखे के कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।घटना का पता चलने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही करसोग पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल करसोग पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद रविवार को शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।करसोग के डीएसपी चांद किशोर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सनारली क्षेत्र में एक युवक द्वारा फंदा लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।