जनगणना कार्य के लिए शिक्षकों व कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ डालना उचित नहीं : डॉ. सुंदर सिंह टैगोर

0
34

रामपुर बुशहर (सुरजीत नेग,संवाददाता),

रामपुर बुशहर। बुशहर शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुंदर सिंह टैगोर ने चंबा जिला प्रशासन द्वारा जारी उस पत्र पर गंभीर आपत्ति जताई है, जिसमें जनगणना-2027 से जुड़े कर्मचारियों एवं शिक्षकों को कार्यालय समय के अतिरिक्त, छुट्टियों तथा अवकाश के दिनों में भी फील्ड कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. टैगोर ने कहा कि किसी भी सरकारी कर्मचारी से एक ही समय में दोहरी जिम्मेदारी निभाने की अपेक्षा करना व्यावहारिक नहीं है। शिक्षक पहले से ही शिक्षण कार्य, परीक्षा, मूल्यांकन, प्रशासनिक दायित्वों और अन्य सरकारी कार्यों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में जनगणना का व्यापक फील्ड कार्य केवल अवकाश अथवा कार्यालय समय के बाद करने के निर्देश कर्मचारियों के श्रम अधिकारों और कार्य-जीवन संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जनगणना-2027 को एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में संचालित किया जा रहा है और इसमें लाखों कर्मचारी एवं शिक्षक लगाए जा रहे हैं। सरकार स्वयं स्वीकार करती है कि जनगणना का कार्य कर्मचारियों द्वारा उनकी नियमित ड्यूटी के अतिरिक्त किया जाता है।
डॉ. टैगोर ने प्रश्न उठाया कि यदि कोई कर्मचारी दिनभर अपनी नियमित ड्यूटी निभाए और उसके बाद जनगणना का फील्ड कार्य करे, तो इससे कार्य की गुणवत्ता, कर्मचारियों का स्वास्थ्य तथा पारिवारिक जीवन प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनगणना कार्य के लिए पृथक समय, पर्याप्त संसाधन तथा स्पष्ट कार्य व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
बुशहर शिक्षक संघ ने मांग की है कि इस प्रकार के निर्देशों की पुनर्समीक्षा की जाए तथा कर्मचारियों और शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक एवं न्यायसंगत व्यवस्था बनाई जाए। संघ ने स्पष्ट किया कि शिक्षक और कर्मचारी जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में पूर्ण सहयोग देने के पक्षधर हैं, किंतु सहयोग का अर्थ यह नहीं होना चाहिए कि नियमित ड्यूटी के अतिरिक्त अनिवार्य रूप से अवकाश और निजी समय का भी उपयोग किया जाए।
डॉ. टैगोर ने कहा कि यदि आवश्यकता हुई तो शिक्षक संगठनों के साथ विचार-विमर्श कर इस विषय को राज्य स्तर पर भी उठाया जाएगा, ताकि कर्मचारियों के अधिकारों और जनगणना कार्य दोनों के बीच संतुलन स्थापित किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here