ब्यूरो रिपोर्ट।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में जून महीने की गर्मी अब अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य के ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों के लिए 9 और 10 जून को लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में गर्मी का यह दौर अभी कुछ और दिनों तक जारी रह सकता है।अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। साफ आसमान और तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। बीते दो दिनों से मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर तेजी से बढ़ा है और कई स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।रविवार को राजधानी शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप खिली रही, जिससे सामान्य दिनों की तुलना में अधिक गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों में लू की स्थिति बनने की सबसे अधिक संभावना है। लगातार बढ़ते तापमान और शुष्क मौसम के चलते लोगों को गर्मी से संबंधित परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।हालांकि गर्मी के इस दौर के बीच मौसम में बदलाव के संकेत भी मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 जून को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 13 जून के बाद मौसम फिर सामान्य हो सकता है।फिलहाल प्रदेश के लोगों को अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है, जबकि उसके बाद मौसम राहत देने वाला साबित हो सकता है।