ब्यूरो रिपोर्ट।
राजधानी शिमला के संजौली स्थित परीक्षा केंद्र में मुन्नाभाई स्टाइल में परीक्षा देने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती अपने सगे भाई की जगह फर्जी परीक्षार्थी बनकर परीक्षा देने पहुंच गई। हालांकि परीक्षा शुरू होने के महज 10 मिनट के भीतर ही उसकी पोल खुल गई और उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया।जानकारी के अनुसार यह मामला गवर्नमेंट कॉलेज संजौली स्थित इग्नू स्टडी सेंटर-1101 का है, जहां बीएजी कोर्स की परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान कमरा नंबर-9 में तैनात इनविजिलेटर प्रवीण कुमार को एक परीक्षार्थी पर संदेह हुआ। उन्होंने जब उसकी पहचान की जांच की तो पता चला कि परीक्षा दे रही युवती का नाम अंबिका है, जो जिला सिरमौर के रोहनाट क्षेत्र की रहने वाली है।जांच में खुलासा हुआ कि अंबिका अपने भाई रणजीत की जगह परीक्षा देने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा केंद्र अधीक्षक डॉ. मदन शांडिल को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद परीक्षा केंद्र प्रशासन ने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी।डॉ. मदन शांडिल की शिकायत पर पुलिस थाना सदर शिमला में आरोपी युवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 319(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े में भाई-बहन के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।पुलिस के अनुसार मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।