जीवन सिंह बिलासपुर।
झंडूता उपमंडल की ग्राम पंचायत गेहडवी के सेरूवा स्कूल में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब तय समय पर मतगणना शुरू नहीं हो पाई। जानकारी के अनुसार, मतगणना के लिए जरूरी मतदान पेटियां रात करीब साढ़े दस बजे तक भी स्कूल नहीं पहुंचीं, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली।स्थानीय लोग शाम से ही मतगणना परिणाम सुनने के लिए स्कूल परिसर में जुटे हुए थे, लेकिन देर रात तक भी प्रक्रिया शुरू नहीं होने पर उनका धैर्य जवाब दे गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।ग्रामीणों का आरोप है कि विकास खंड अधिकारी संजीव पुरी ने उन्हें आश्वासन दिया था कि 10 से 15 मिनट में पेटियां पहुंच जाएंगी, लेकिन काफी देर बीतने के बाद भी पेटियां नहीं पहुंचीं। इससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।हालांकि, प्रशासन की ओर से देरी के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, ग्रामीणों ने मांग की है कि इस लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।


