124 वोट के बाद रुकी प्रक्रिया, लापरवाही से प्रभावित हुआ मतदान, 4 सस्पेंड

0
268

ब्यूरो रिपोर्ट

शिमला: पंचायत चुनाव के दौरान लापरवाही बरतने पर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सख्त कार्रवाई करते हुए पोलिंग पार्टी संख्या-65 के सभी 4 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।मामला ग्राम पंचायत नरैन के वार्ड नंबर-1 स्थित मतदान केंद्र ब्रांदली-1 का है, जहां मतदान प्रक्रिया के दौरान गंभीर प्रक्रियात्मक त्रुटि सामने आई। जांच में पाया गया कि मतदान कक्ष के भीतर निर्धारित एरो क्रॉस मार्क सील के साथ NOTA (नोटा) की रबर स्टाम्प भी रखी हुई थी। एक मतदाता ने शिकायत की कि उसने अनजाने में NOTA की मुहर उम्मीदवार के स्थान पर लगा दी, जिससे मामला उजागर हुआ।बताया जा रहा है कि सहायक रिटर्निंग अधिकारी को सूचना मिलने तक 124 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। इस गंभीर चूक के चलते मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई और मतदान को बीच में ही रोकना पड़ा।प्रशासन ने इसे चुनावी प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही मानते हुए कड़ा रुख अपनाया है। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने स्पष्ट किया कि चुनाव जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निलंबित किए गए अधिकारियों में अनिल कुमार (टीजीटी, राजकीय उच्च विद्यालय देव नगर) – प्रीसाइडिंग अधिकारी, प्रकाश चंद (एलटी, राजकीय उच्च विद्यालय मश्नू) – पोलिंग अधिकारी, राज कुमार (पीईटी, जीएसएसएस मुनिश बहाली) – पोलिंग अधिकारी और रमेश चंद (जेओए आईटी, विद्युत उपमंडल सराहन) – पोलिंग अधिकारी शामिल हैं।आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान इन सभी अधिकारियों का मुख्यालय खंड विकास अधिकारी कार्यालय रामपुर निर्धारित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here