संध्या कश्यप नाहन।
राजगढ़। जिला सिरमौर के थाना राजगढ़ के अंतर्गत पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 140 पेटियां शराब बरामद की हैं। इस मामले में 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है और उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को पुलिस चौकी यशवंतनगर की टीम गश्त और सुराग बूरारी पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन (HP 62-4944) में अवैध शराब की खेप सोलन की ओर से नेरी पुल की तरफ लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नेरी क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी।कुछ ही देर में संदिग्ध पिकअप वाहन को ठाकुर ढाबा, नेरी के पास रोक लिया गया। पूछताछ के दौरान चालक ने अपनी पहचान संदीप वर्मा (30) निवासी गांव बजोग, डाकघर टाली भूज्जल, तहसील राजगढ़ के रूप में बताई।तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। इसमें देसी शराब “संतरा नंबर-1” की 50 पेटियां और अंग्रेजी शराब “Royal Stag” की 90 पेटियां शामिल हैं। इस प्रकार कुल 140 पेटियां अवैध शराब जब्त की गईं।पुलिस द्वारा लाइसेंस और परमिट मांगने पर आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद थाना राजगढ़ में आरोपी के खिलाफ धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।