रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन में SJVN Limited के 39वें स्थापना दिवस पर मिनी मैराथन का आयोजन

0
23

रामपुर ( सुरजीत नेगी , संवाददाता ),

रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन में SJVN Limited के 39वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार सुबह 20 मई को प्रातः 6:00 बजे मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मिनी मैराथन की शुरुआत दत्तनगर ग्राउंड से हुई, जिसका निर्धारित मार्ग कोयल रोड तक रखा गया था। प्रतिभागियों ने कोयल रोड तक दौड़ पूरी करने के बाद वापसी में पुनः दत्तनगर ग्राउंड पहुंचकर मैराथन संपन्न की।

प्रतियोगिता को विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों के अनुसार आयोजित किया गया। इसमें पुरुष, महिला एवं बच्चों के लिए अलग-अलग वर्ग निर्धारित किए गए थे। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख रामपुर एचपीएस, श्री विकास मारवाह ने कहा कि खेल एवं शारीरिक गतिविधियाँ स्वस्थ जीवनशैली के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन कर्मचारियों एवं उनके परिवारों में स्वास्थ्य जागरूकता और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं।

मिनी मैराथन को श्री बी. पी. सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (प्रापण एवं संविदा) द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के दौरान रामपुर एचपीएस के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। परियोजना प्रबंधन द्वारा प्रतिभागियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए मार्ग में आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं।

मिनी मैराथन के समापन पर विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को श्री बी. पी. सिंह द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह एवं अनुशासन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here