उपायुक्त ने किया प्राथमिक पाठशाला तान्दी का औचक निरीक्षण, शिक्षा गुणवत्ता सहित अन्य पाई कमियों पर सुधार के सख्त निर्देश

0
106

केलांग ( रंजीत लाहौली,संवाददाता ),

उपायुक्त लाहौल स्पीति किरण भड़ाना ने मंगलवार को ग्राम पंचायत तान्दी की राजकीय प्राथमिक पाठशाला का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की तथा विद्यालय में पढ़ाई की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था तथा स्कूल संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी विद्यालय की शिक्षिका से प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त द्वारा विद्यालय संचालन में कमियां पाई,जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना विद्यालय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने पाठशाला में उपस्थित बच्चों को निशुल्क पाठय पुस्तकें अविलंम्व उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने वहाँ पर कार्यरत अध्यापिका को नियमित रूप से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर ध्यान देने तथा पढ़ाई की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने सहित पाई गई कमियों पर तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश मौके पर दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है और स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।

उपायुक्त ने बताया कि क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों एवं प्रवासी श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ऐसे बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने और उन्हें बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए विशेष पहल शुरू की गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मजदूरों के बच्चों का स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए साथ ही विद्यालय में पाई गई कमियों को निर्धारित समयावधि में दूर करने को कहा ।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है तथा दूरदराज क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here