नाहन नगर परिषद चुनाव : 13 वार्डों के लिए 23 मतदान केंद्र अधिसूचित,  5 बूथ अति-संवेदनशील घोषित

0
44

नाहन (संध्या कश्यप , संवाददाता ),

नाहन : नगरपालिका परिषद नाहन के आगामी चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम नाहन, राजीव कुमार संख्यान द्वारा हिमाचल प्रदेश नगर पालिका अधिनियम के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 29 अप्रैल, 2026 को नाहन शहर के सभी 13 वार्डों के लिए 23 मतदान केंद्रों की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है । राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जारी इस आदेश के तहत पूरे शहर को विभिन्न मतदान बूथों में विभाजित किया गया है, ताकि मतदाता सुगमता से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें ।

अधिसूचना के अनुसार, वार्ड नंबर 1 (ढाबों) के मतदाताओं के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला ढाबों के कमरा नंबर 1 और 2 में बूथ स्थापित किए गए हैं । वार्ड नंबर 2 (हरिपुर) के लिए राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के कमरा नंबर 503 और 504 को चुना गया है, जबकि वार्ड नंबर 3 (शान्ति संगम) के लोग राजकीय प्राथमिक पाठशाला बड़ा चौक में मतदान करेंगे । वार्ड नंबर 4 (शमशेर गंज) के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला पूर्विया मोहल्ला और वार्ड नंबर 5 (अमरपुर) के लिए SFDA हॉल के नजदीक स्थित प्राथमिक पाठशाला में दो-दो बूथ बनाए गए हैं । वार्ड नंबर 6 (नया बाजार) के मतदाता शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) के कमरा नंबर 7 में अपना वोट डाल सकेंगे ।

प्रशासन ने कुछ वार्डों में महिला और पुरुष मतदाताओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था की है। वार्ड नंबर 7 (उपरली टोली) के लिए नगर पालिका परिषद के टाउन हॉल में दो भाग बनाए गए हैं, जिसमें भाग-1 महिलाओं और भाग-2 पुरुषों के लिए होगा । इसी तरह वार्ड नंबर 8 (रानीताल) के लिए हिमफैड कार्यालय रानीताल बाग और वार्ड नंबर 9 (मियां मंदिर) के लिए JBT पाठशाला नाहन के बड़े हॉल में महिला-पुरुषों हेतु पृथक बूथ आवंटित किए गए हैं । वार्ड नंबर 10 (कच्चा टैंक) के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला कैन्ट और वार्ड नंबर 11 (जग्गनाथ मंदिर) के लिए गुरुद्वारे के पास स्थित मॉडल प्राथमिक पाठशाला के कमरा नंबर 2 व 4 को मतदान केंद्र बनाया गया है । वार्ड नंबर 12 (नावनी का बाग) के लिए बस अड्डा कच्चा टैंक की पहली मंजिल पर दो बूथ होंगे, जबकि वार्ड नंबर 13 (बाल्मिकी बस्ती) के लिए पंचायत घर नाहन और पंचायत सचिव कार्यालय में मतदान की व्यवस्था की गई है ।

सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने मतदान केंद्रों का सूक्ष्म वर्गीकरण भी किया है। कुल 23 केंद्रों में से 12 को सामान्य, 6 को संवेदनशील और 5 केंद्रों को अति-संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है । वार्ड नंबर 10, 11 और 13 के केंद्रों को अति-संवेदनशील चिह्नित किया गया है, जहाँ चुनाव के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहेंगे । एसडीएम नाहन ने सभी संबंधित कार्यालय अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे 16 और 17 मई, 2026 के लिए इन भवनों को चुनाव हेतु तैयार रखें और वहां बिजली, पानी तथा फर्नीचर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि 17 मई को होने वाली मतदान प्रक्रिया निर्बाध रूप से संपन्न हो सके ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here