शिमला (विकास शर्मा ,ब्यूरो चीफ ),
जिला पुलिस शिमला द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज विभिन्न मामलों में बैकवर्ड लिंकेज की जांच को मजबूती से आगे बढ़ाते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है। हाल ही में थाना ठियोग, बालूगंज, रामपुर और कुमारसैन में दर्ज पांच अलग-अलग मामलों की समानांतर जांच के दौरान यह सामने आया कि इन सभी मामलों में गिरफ्तार आरोपियों को चिट्टा/हेरोइन की नियमित सप्लाई एक ही मुख्य सरगना द्वारा की जा रही थी।
जांच में मुख्य सरगना के रूप में विजय @ डेविड @ बिहारी (28 वर्ष) पुत्र शालिग्राम, निवासी बबियाल राणा कॉम्प्लेक्स, थाना महेश नगर, अंबाला कैंट की पहचान हुई। आरोपी के खिलाफ भौतिक व तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर उसकी संलिप्तता सुनिश्चित होने के बाद पुलिस थाना ठियोग की विशेष टीम को पंजाब रवाना किया गया।
लगातार 24 घंटे से अधिक चले फील्ड ऑपरेशन और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने जीरकपुर (पंजाब) से दो बड़े नशा तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनमें मुख्य सरगना विजय @ डेविड तथा उसका सहयोगी नितेश शर्मा @ माइक (28 वर्ष), निवासी आइकन अपार्टमेंट, वीआईपी रोड, जीरकपुर शामिल हैं।
335 ग्राम से अधिक चिट्टा सप्लाई का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया है कि विजय @ डेविड शिमला सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चिट्टा की सप्लाई कर रहा था। पिछले कुछ समय में ही वह शिमला शहर, ठियोग, रामपुर और रोहड़ू क्षेत्रों में हिमाचली मूल के 70 से अधिक व्यक्तियों को नशे की आपूर्ति कर चुका था।
पांचों मामलों की जांच में अब तक कुल 335 ग्राम से अधिक चिट्टा की तस्करी में उसकी संलिप्तता पाई गई है। इस अंतरराज्यीय नेटवर्क में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
विजय @ डेविड का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। वर्ष 2023 में थाना ठियोग में उसे 180 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ अंबाला कैंट और शिमला में एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 4 मामले दर्ज हैं।
पांचों मामलों का संक्षिप्त विवरण
- थाना बालूगंज (FIR No. 22/2026)
आईएसबीटी शिमला में एचआरटीसी बस से दो आरोपियों के कब्जे से 30.700 ग्राम चिट्टा बरामद। जांच में खुलासा हुआ कि खेप जीरकपुर से डेविड से खरीदी गई थी। - पुलिस चौकी जतोग (बालूगंज)
चार आरोपियों से 11 ग्राम चिट्टा बरामद। रिमांड के दौरान सामने आया कि खेप डेविड एंथोनी से जीरकपुर में खरीदी गई थी। - थाना ठियोग (FIR No. 19/2026)
दो आरोपियों से 12 ग्राम चिट्टा बरामद। आरोपी पृथ्वी राज का लंबा आपराधिक इतिहास है, उसके खिलाफ 7 मामले दर्ज हैं। - थाना रामपुर (FIR No. 10/26)
वाहन से 9.26 ग्राम हेरोइन बरामद। आरोपियों ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से डेविड से संपर्क कर खेप ली थी। - थाना कुमारसैन (FIR No. 06/2026)
ऑल्टो कार से 11 ग्राम हेरोइन बरामद। जांच में सामने आया कि सप्लाई जीरकपुर से डेविड द्वारा की गई थी।
अंतरराज्यीय नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
जिला पुलिस शिमला द्वारा बैकवर्ड लिंकेज पर फोकस करते हुए इस पूरे नेक्सस (Nexus) को ध्वस्त करने की दिशा में अहम सफलता हासिल की गई है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लिंक और संबंधों की भी जांच की जा रही है और आगे भी बड़ी गिरफ्तारियां संभव हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर संलिप्त व्यक्तियों को बख्शा नहीं

