राजगढ़ (निशेष शर्मा, संवाददाता),
जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ की प्रतिभाशाली बेटी यामिनी ठाकुर ने हाल ही में आयोजित 14वें दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश के यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में आयोजित इस समारोह में यामिनी को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
यामिनी ठाकुर ने शैक्षणिक सत्र 2023-24 में विज्ञान स्नातक (बी.एससी.) औद्यानिकी (Horticulture) की डिग्री 8.81/10.00 के उत्कृष्ट OGPA के साथ पूरी की। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर समारोह के मुख्य अतिथि, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने स्वयं उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
ग्राम पंचायत नेरी कोटली के ग्राम नेरी निवासी नरेश ठाकुर और रंजना ठाकुर की सुपुत्री यामिनी एक किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता नरेश ठाकुर ने बेटी की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उसकी कड़ी मेहनत, समर्पण और निरंतर लगन का परिणाम है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि आज यामिनी ने पूरे परिवार और क्षेत्र का सिर ऊँचा कर दिया है।
यामिनी ठाकुर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार से मिले सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि आगे भी वह औद्यानिकी क्षेत्र में मेहनत जारी रखेंगी, ताकि उच्च शिक्षा पूर्ण कर हिमाचल के बागवानों की सेवा में योगदान दे सकें।
यामिनी की इस असाधारण उपलब्धि से पूरे राजगढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग उनकी इस सफलता को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत मान रहे हैं।

