कुल्लू (आशा डोगरा, सब एडिटर),
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार की कला स्नातक द्वितीय वर्ष की स्वयं सेवी कविता ने पंजाब के राजपुरा स्थित चितकारा विश्वविद्यालय में 21-30 नवम्बर, 2025 तक आयोजित उत्तर क्षेत्रीय पूर्व गणतंत्र दिवस चयन शिविर में भाग लेकर महाविद्यालय तथा सम्पूर्ण बंजार क्षेत्र का गौरव बढाया है। आठ राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चण्डीगढ, जम्मू, कश्मीर, लद्दाख के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवियों के साथ कविता ने अगले वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई स्थित कर्तव्य पथ पर परेड के लिए अंतिम चयन हेतु अत्यंत उत्साह के साथ इस शिविर में भाग लिया। इससे पूर्व कविता ने विगत 06 नवम्बर को शिमला के राजीव गाँधी राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा, चौडा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय पूर्व गणतंत्र दिवस चयन शिविर में छात्रा वर्ग में चौथा स्थान प्राप्त किया था। उत्तर क्षेत्रीय पूर्व गणतंत्र दिवस चयन शिविर पंजाब के लिए हिमाचल प्रदेश से तेरह छात्र व तेरह छात्राओं कुल छब्बीस स्वयं सेवियों में कविता छात्रा वर्ग में चौथे स्थान पर चयनित हुई। इस शिविर के परिणाम के आधार पर कविता के कर्तव्य पथ पर आगामी गणतंत्र दिवस में बंजार के प्रतिनिधित्व की आशा कायम है। यदि ऐसा होता है तो यह बंजार के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार सिंह ने कविता द्वारा इस शिविर को सफलतापूर्वक पूरा करने पर हर्ष जताते हुए कविता को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि कविता की मेहनत उसे राष्ट्रीय स्तर पर गणतंत्र दिवस के लिए चयनित करेगी। उन्होंने कविता की उपलब्धि को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई व पूरे महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरवान्वित करने वाला क्षण बताया तथा कविता को भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनायें भी दीं।






