चम्बा (ओपी शर्मा, संवाददाता),
चंबा के तहसील चुराह के खल्ली गांव से एक नाबालिग के तीसरी बार अचानक गायब होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा, जिला बाल कल्याण समिति और थाना तीसा में दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी 16 वर्षीय बेटी को गांव रेलरा (डाकघर गनेड) निवासी जावेद पुत्र याकूब बार-बार बहला फुसलाकर भगाता है।
शिकायत के अनुसार नाबालिग 14 नवंबर को घर से अचानक गायब हो गई है। पिता का आरोप है कि जावेद उसे भगाकर ले गया है। लड़की इससे पहले भी दो बार घर से भाग चुकी है, जिन सभी की प्राथमिकी दर्ज है। पहली प्राथमिकी 7 अप्रैल 2025 को दर्ज हुई। उस समय पुलिस ने लड़की को ढूंढकर माता-पिता के सुपुर्द किया था। इसके बाद 01 जुलाई 2025 को दूसरी प्राथमिकी दर्ज हुई। इसमें भी पुलिस ने पीड़िता को तलाश कर बाल कल्याण अधिकारी चंबा के समक्ष पेश किया। जहां से उसे दोबारा माता-पिता के हवाले किया गया। अब तीसरी बार लड़की के गायब होने पर थाना तीसा में प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीसा पुलिस के अनुसार नाबालिग की तलाश जारी है।
