विकास शर्मा शिमला।
ठियोग के शाली बाजार में एक आभूषण कारोबारी के साथ करीब 25 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर दंपत्ति और उनकी चार महिला साथियों ने 26 किलो नकली चांदी बेचकर असली सोना और चांदी लेकर रफूचक्कर हो गए।मिली जानकारी के अनुसार, शाली बाजार स्थित गणपति ज्वैलर्स के संचालक हरिंदर कुमार ने पुलिस थाना ठियोग में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार, 27 अक्तूबर को एक दंपत्ति अपनी बेटी की शादी के लिए सोने के आभूषणों के बदले कुछ चांदी के आभूषण बेचने दुकान पर पहुंचे।इसके कुछ ही देर बाद दंपत्ति की रिश्तेदार बताकर चार और महिलाएं भी दुकान पर पहुंचीं और इसी तरह का सौदा किया। सभी से कुल मिलाकर करीब 26 किलोग्राम चांदी के आभूषण लिए गए, जिसके बदले में ज्वैलर ने 190 ग्राम सोने और 240 ग्राम चांदी के आभूषण दिए।अगले दिन जब व्यापारी ने खरीदी गई चांदी की जांच कराई, तो वह नकली निकली। इसके बाद उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।एसडीपीओ ठियोग ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।