ब्यूरो रिपोर्ट
शिमला। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने बिजली मीटर और कनेक्शन लगाने के कार्य में अनावश्यक बाधा उत्पन्न करने वालों को लेकर अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति की आपत्ति या निजी विवाद के आधार पर बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया को नहीं रोका जा सकता। यदि कोई व्यक्ति मीटर लगाने के कार्य में अड़चन पैदा करता है तो विद्युत बोर्ड प्रशासन पुलिस की सहायता लेकर भी काम पूरा करवा सकता है।न्यायमूर्ति संदीप शर्मा की अदालत ने राजेश कुमार शर्मा की याचिका पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को याचिकाकर्ता के परिसर में बिजली मीटर लगाने के आवेदन पर प्राथमिकता के आधार पर दो दिनों के भीतर निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।याचिकाकर्ता ने अदालत को बताया कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उनके परिसर में बिजली मीटर नहीं लगाया जा रहा है। उनके अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि संबंधित क्षेत्र के अधिशासी अभियंता सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने पर मीटर लगाने के लिए तैयार हैं, लेकिन सोहन लाल और कुछ अन्य लोग इसमें अनावश्यक बाधाएं पैदा कर रहे हैं।सुनवाई के दौरान विद्युत बोर्ड ने भी अदालत में स्पष्ट किया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बिजली कनेक्शन उपलब्ध करवाना विभाग का दायित्व है। बोर्ड के अनुसार, सोहन लाल एक दीवानी मुकदमे के लंबित होने का हवाला देकर मीटर लगाने का विरोध कर रहे हैं, जबकि उक्त मुकदमे में याचिकाकर्ता पक्षकार भी नहीं हैं।मामले पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि बिजली अधिनियम के प्रावधानों के तहत किसी व्यक्ति की आपत्ति मात्र से बिजली मीटर लगाने का कार्य नहीं रोका जा सकता। यदि कोई मालिक या अन्य व्यक्ति इस कार्य में बाधा उत्पन्न करता है तो विद्युत बोर्ड जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस आयुक्त अथवा राज्य सरकार के अधिकृत अधिकारी से लिखित अनुमति लेकर कार्य पूरा करवा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता भी ली जा सकती है।अदालत ने संबंधित अधिकारियों को याचिकाकर्ता के आवेदन पर दो दिनों के भीतर निर्णय लेने के निर्देश दिए। हाईकोर्ट के इस आदेश से साफ हो गया है कि निजी विवादों और अनावश्यक आपत्तियों के नाम पर किसी को भी बिजली कनेक्शन और मीटर लगाने की प्रक्रिया बाधित करने का अधिकार नहीं है।