( ब्यूरो रिपोर्ट )
चम्बा जिले की ग्राम पंचायत साच के पधर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 51 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश उर्फ राजू पुत्र कर्म चंद निवासी पधर, घाड़का, डाकघर साच के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश काम खत्म कर चम्बा शहर से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पैर फिसलने से वह गहरी ढांक में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजेश पेंटिंग का काम करता था। वीरवार को वह रोजाना की तरह काम के लिए चम्बा शहर गया हुआ था। शाम को काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरी ढांक में गिर गया। उधर, देर शाम तक राजेश के घर नहीं पहुंचने पर परिवार के सदस्य उसकी राह देखते रहे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पड़ोसियों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू कर दी। इस दौरान उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन फोन बंद आ रहा था।
काफी देर तक तलाश करने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राजेश को ढांक में गिरा हुआ देखा। रात के अंधेरे में कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया और उपचार के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां रास्ते की हालत काफी खराब है। इससे पहले भी यहां कई बार लोग और पालतू पशु ढांक में गिरकर घायल हो चुके हैं। ऐसे में इस मार्ग की खस्ताहालत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानपुर चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
ग्राम पंचायत साच की प्रधान दीपिका कुमारी ने बताया कि परिवार के मुखिया की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि परिवार में एक बेटा भी है। उन्होंने कहा कि पंचायत की ओर से प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। व्यक्ति की मौत ढांक से गिरने के कारण हुई है। वहीं, मेडिकल कॉलेज चम्बा के एमएस डॉ. प्रदीप ने बताया कि ढांक से गिरने के कारण व्यक्ति के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई थी। मामले की सूचना पुलिस को देकर आगामी कार्रवाई की गई है।
(ब्यूरो रिपोर्ट ), युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिला रोजगार…
नाहन ( संध्या कश्यप , संवाददाता ), नाहन, 12 नवम्बर। जिला दण्डाधिकारी सिरमौर प्रियंका वर्मा…
(ब्यूरो रिपोर्ट ) सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने के नाम पर साइबर ठग…
संध्या कश्यप नाहन जिला सिरमौर के शिलाई उपमंडल में एक ऐसा मामला सामने आया है,…
ब्यूरो रिपोर्ट जिला शिमला के ठियोग क्षेत्र में पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ बड़ी…
ब्यूरो रिपोर्ट । दीपावली के त्योहार के दौरान जहां पूरा प्रदेश रोशनी और खुशियों में…