ब्यूरो रिपोर्ट
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के लंबागांव क्षेत्र के बालकरूपी गांव में मंगलवार सुबह गोलीबारी की घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने रिटायर्ड फौजी पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गए। घायल पूर्व सैनिक की पहचान 58 वर्षीय महेंद्र सिंह के रूप में हुई है। गोली उनकी टांग में लगी है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। उस समय महेंद्र सिंह अपने घर के बाहर कुत्ते को टहला रहे थे। इसी दौरान उन पर अचानक गोली चला दी गई। गोली लगने से वह घायल हो गए। सुबह-सुबह हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, गोली चलाने के आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश निवासी शत्रुघ्न के रूप में बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महेंद्र सिंह और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों सोलन जिले के बद्दी स्थित एक फैक्टरी में साथ काम करते थे।
बताया जा रहा है कि महेंद्र सिंह ने करीब छह महीने पहले मार्च में नौकरी छोड़ दी थी और अपने गांव लौट आए थे। उस दौरान शत्रुघ्न भी उन्हें उनके घर छोड़ने आया था। ऐसे में पुराने परिचित द्वारा गोली चलाए जाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, गोलीबारी के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही वारदात के पीछे की असली वजह का पता चल सकेगा।