शिमला के दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप

0
195

ब्यूरो रिपोर्ट

शिमला, 21 अगस्त। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के दो प्रतिष्ठित निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने एहतियातन विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी और पुलिस को सूचना दी।जानकारी के अनुसार कालीबाड़ी के समीप स्थित दयानंद स्कूल और न्यू शिमला स्थित डीएवी स्कूल को ई-मेल के माध्यम से धमकी मिली। ई-मेल सामने आते ही स्कूल परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने के लिए स्कूल पहुंच गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों स्कूल परिसरों को सुरक्षा घेरे में ले लिया। एएसपी शिमला मेहर पंवर ने धमकी मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। एहतियात के तौर पर स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।फिलहाल पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्कूल परिसरों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ई-मेल के स्रोत और धमकी की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here