चालक जीप स्टार्ट छोड़कर गया शौच को, अचानक सरकी पिकअप और 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी; एक की मौत

0
270

ब्यूरो रिपोर्ट

मंडी। सराज क्षेत्र की ग्राम पंचायत छतरी में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां खड़ी पिकअप जीप अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 62 वर्षीय जगदीश चंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किशन चंद गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार पिकअप जीप छतरी मेले के लिए दुकान का सामान लेकर आई थी। सामान उतारने के बाद जीप में सवार तीन लोग वापस अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। छतरी के पास चालक इंदर देव ने जीप को स्टार्ट छोड़ दिया और सड़क किनारे शौच के लिए नीचे उतर गया।इसी दौरान अचानक स्टार्ट जीप आगे की ओर सरकने लगी। वाहन को गति पकड़ते देख चालक ने शोर मचाकर जीप में बैठे लोगों को तुरंत ब्रेक लगाने के लिए कहा, लेकिन इससे पहले कि जीप को रोका जा सके, वह अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। चालक की आंखों के सामने ही हुए इस हादसे में 62 वर्षीय जगदीश चंद की मौके पर मौत हो गई।हादसे में छतरी निवासी किशन चंद गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही जंजैहली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here