7 अगस्त तक सतर्क रहें! हिमाचल में भारी बारिश का येलो अलर्ट

0
39

ब्यूरो रिपोर्ट।

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में 7 अगस्त तक भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, शनिवार शाम तक बारिश, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के चलते 102 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं। इसके अलावा 28 पेयजल योजनाएं और 11 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए हैं।
सबसे अधिक 43 सड़कें मंडी जिले में बंद हैं। इसके बाद कुल्लू में 33, शिमला में 11, चंबा और कांगड़ा में पांच-पांच, सिरमौर में चार तथा ऊना में एक सड़क बंद है। प्रशासन प्रभावित मार्गों को बहाल करने में जुटा हुआ है।
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पंडोह में सर्वाधिक 45 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शिमला में 36.3 मिमी, सराहन में 35.3 मिमी, स्लैपर में 31.6 मिमी, जोत में 30.8 मिमी, धर्मशाला में 26.3 मिमी तथा कुफरी में 25.5 मिमी बारिश हुई। सुंदरनगर और मुरारी देवी में गरज के साथ बिजली भी चमकी।
तापमान की बात करें तो भरमौर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 से 31 जुलाई के दौरान हिमाचल प्रदेश में 275.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 255.9 मिमी है। यानी इस बार जुलाई में सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगस्त माह में चंबा और लाहौल के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा, जबकि राज्य के अधिकांश अन्य क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here