पिता की मौत से उजड़ गया परिवार, चार बेटियों के सिर से उठा साया

0
964

ब्यूरो रिपोर्ट।

सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के धौलाकुआं क्षेत्र में बिजली लाइन बिछाने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, गांव बेलवाली (डाकघर धौलाकुआं) निवासी मोहन लाल ने बताया कि उनका 45 वर्षीय भतीजा बारु राम कई वर्षों से बिजली विभाग के एक ठेकेदार के पास मजदूर के रूप में कार्यरत था। आरोप है कि रविवार सुबह ठेकेदार ने उसे बिजली के पोल पर चढ़कर काम करने के लिए कहा, जबकि पोल के ऊपर से 33 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान बारु राम हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।पुलिस अधीक्षक सिरमौर एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मामले की जांच जारी है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार ने बिजली बोर्ड से लाइन का शटडाउन लिए बिना और बिजली आपूर्ति बंद करवाए मजदूर को चलती लाइन के पास काम पर भेज दिया, जिससे यह हादसा हुआ।इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बारु राम अपने पीछे पत्नी और चार बेटियों को छोड़ गए हैं। परिजनों ने हादसे के लिए ठेकेदार की गंभीर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here