दोस्त देखते रह गए, कौशल्या डैम में डूबकर युवक की मौत

0
67

ब्यूरो रिपोर्ट।

औद्योगिक शहर परवाणू के समीप कामली पंचायत स्थित कौशल्या डैम में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा पेश आया। अपने दोस्तों के साथ डैम में नहाने गया 25 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कोट बेजा पंचायत के बनोई गांव निवासी सचिन पुत्र ओम प्रकाश के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार सचिन परवाणू के एक उद्योग में नाइट शिफ्ट की ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपने दो दोस्तों भूपिंदर और मुकुल के साथ कौशल्या डैम में नहाने पहुंचा था। नहाने के दौरान उसने डैम में छलांग लगाई, लेकिन कुछ ही क्षणों में गहरे पानी में डूब गया और दोबारा सतह पर नहीं आ सका। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई और बहाव के चलते सफलता नहीं मिल सकी।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तथा युवक की तलाश शुरू की गई। डैम में 15 फुट से अधिक गहराई होने के कारण बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। कई घंटों की मशक्कत के बाद खोज अभियान को तेज करने के लिए प्रशासन ने डैम का जलस्तर कम करने का निर्णय लिया। इसके लिए जेसीबी मशीन की मदद से पानी की निकासी की गई। बाद में युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं कामली पंचायत की प्रधान धर्मी देवी ने बताया कि कौशल्या डैम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। पंचायत द्वारा चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के बावजूद लोग यहां नहाने पहुंच जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे सामने आते हैं।पुलिस और प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में डैम, खड्डों और अन्य जलाशयों से दूर रहने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here