कुल्लू में इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात: दिल्ली के पर्यटक ने राहगीर को टक्कर मारने के बाद दोबारा कुचला, मौत

0
116

( ब्यूरो रिपोर्ट ),

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नग्गर रोड स्थित फार्म क्षेत्र के पास दिल्ली से आए पर्यटकों की एक कार ने कथित तौर पर पहले एक राहगीर को टक्कर मारी और फिर घायल अवस्था में सड़क पर पड़े व्यक्ति के ऊपर दोबारा गाड़ी चढ़ा दी। इस दर्दनाक घटना में राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 12:15 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दिल्ली नंबर की स्विफ्ट कार (DL12CU0584) में दो युवक और एक युवती सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन में तेज आवाज में संगीत बज रहा था और सवार लोग कथित रूप से शराब का सेवन कर रहे थे।

चश्मदीद टैक्सी चालक ओमप्रकाश ने बताया कि नग्गर फार्म रोड के पास पहुंचते ही कार चालक ने वाहन को अचानक गलत दिशा में मोड़ दिया और सड़क किनारे पैदल चल रहे रामकृष्ण को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामकृष्ण करीब 25 फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय कथित रूप से कार को पीछे किया और घायल रामकृष्ण के ऊपर दोबारा गाड़ी चढ़ा दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173 के तहत दर्ज किए हैं।

पुलिस जांच में चालक की पहचान 29 वर्षीय विक्रांत विज, निवासी करोल बाग, नई दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वाहन में सवार अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here