मंडी ( नितेश सेनी , संवाददाता ),
मंडी जिला में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया जब सरकाघाट से सुंदरनगर जा रही एक निजी बस रिवालसर के समीप डयाऊ नाला के पास तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। बस का स्टीयरिंग रॉड अचानक टूट जाने से बस अनियंत्रित हो गई, लेकिन चालक की सूझबूझ और तत्परता के चलते बस में सवार यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार निजी बस (नंबर एचपी-31ए-4889) सरकाघाट से सुंदरनगर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस डयाऊ नाला के पास पहुंची, उसका स्टीयरिंग रॉड टूट गया, जिससे चालक का वाहन पर नियंत्रण कमजोर पड़ गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत निर्णय लेते हुए बस को सड़क किनारे नाली की ओर मोड़ दिया। इसके चलते बस का अगला हिस्सा नाली में चला गया और वाहन सड़क से नीचे जाने से बच गया।
हादसे में बस में सवार करीब 10 से 12 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों की सहायता की। सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से नागरिक अस्पताल रिवालसर पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी यात्रियों को हल्की चोटें आई थीं और उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने भी चालक की सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि यदि उसने समय रहते सही निर्णय नहीं लिया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सरकाघाट से सुंदरनगर जा रही निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में पलट गई थी। हादसे में 10 से 12 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार करवाने के बाद उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
