ज्वालामुखी ( पंकज शर्मा,संवाददाता ),
राजस्थान के अजमेर स्थित प्रसिद्ध शालिग्राम भवन से आए 5508 दुर्लभ शालिग्राम भगवान के दिव्य दर्शन इन दिनों ज्वालामुखी क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बने रहे। भगवान विष्णु के साक्षात स्वरूप माने जाने वाले इन शालिग्रामों के दर्शन एवं पूजन के लिए तीन दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन का समापन रविवार को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ हुआ।
बगलामुखी मंदिर के आचार्य पंडित दिनेश रत्न के आवास बोहन (ज्वालामुखी) में 30 मई से 1 जून तक आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में प्रतिदिन जलाभिषेक, तुलसी एवं पुष्प पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार, आरती, कीर्तन तथा भंडारे का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध भजन गायक सौरभ शर्मा एवं उनकी टीम ने लगातार दो रात्रियों तक भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया।
तीनों दिनों में क्षेत्र सहित दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने 5508 दुर्लभ शालिग्रामों का पूजन-अर्चन कर भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
