पोस्ट कोड-26002 भर्ती: अंग्रेजी शिक्षकों के 59 और अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का मौका

0
31

( ब्यूरो रिपोर्ट ),

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने पोस्ट कोड-26002 के तहत अंग्रेजी शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में मेरिट के आधार पर 59 अतिरिक्त उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाने का निर्णय लिया है।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि अंग्रेजी शिक्षकों के 312 पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का परिणाम 7 मई को घोषित किया गया था। इसके बाद मेरिट के आधार पर पात्र उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया था। पदों और उम्मीदवारों की संख्या को ध्यान में रखते हुए अब 59 और अभ्यर्थियों को भी मेरिट के आधार पर दस्तावेज सत्यापन का अवसर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इन 59 उम्मीदवारों के रोल नंबर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। इन अभ्यर्थियों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया 3 जून को सुबह 10 बजे से आयोग के कार्यालय में शुरू होगी। इसका विस्तृत शेड्यूल अलग से वेबसाइट पर जारी किया जाएगा तथा संबंधित उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर भी सूचना भेजी जाएगी।

सचिव ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों को अलग से कॉल लेटर जारी नहीं किए जाएंगे। दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक मूल प्रमाण पत्र, उनकी स्वप्रमाणित (सेल्फ अटेस्टेड) फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

डॉ. विक्रम महाजन ने कहा कि यदि कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि और समय पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसे दोबारा अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here