चम्बा से चेन्नई तक 14 दिन का ऑपरेशन, पुलिस ने नाबालिग को सकुशल किया बरामद

0
32

चंबा ( ओपी शर्मा ,संवाददाता ),

चम्बा जिले के चुराह उपमंडल से लापता 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को पुलिस ने चेन्नई से सकुशल बरामद कर लिया है। उत्तर भारत से दक्षिण भारत तक चला यह 14 दिन का तलाशी अभियान किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा। सीमित संसाधनों, अनजान शहर और भाषा की कठिनाइयों के बावजूद पुलिस टीम लगातार डटी रही और आखिरकार युवती को सुरक्षित वापस चम्बा ले आई।

जानकारी के अनुसार, सात अप्रैल को चुराह क्षेत्र के एक व्यक्ति ने महिला थाना चम्बा में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी को क्षेत्र का ही एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस से मदद मांगी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। साइबर सैल की मदद से मोबाइल लोकेशन और तकनीकी इनपुट जुटाए गए, जिनके आधार पर युवती और युवक की लोकेशन चेन्नई में ट्रेस हुई। इसके बाद सात सदस्यीय विशेष पुलिस टीम को दक्षिण भारत रवाना किया गया।

ट्रेन के जरिए लंबा सफर तय कर चेन्नई पहुंची टीम को वहां भाषा संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद लगातार चार दिन तक स्थानीय सहायता और तकनीकी इनपुट के आधार पर तलाश जारी रखी गई। आखिरकार पुलिस दोनों तक पहुंचने में सफल रही।

कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों को चम्बा लाया गया। युवती को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है, जबकि युवक पुलिस हिरासत में है। मामले में आगामी जांच जारी है।

ए.एस.पी. दिनेश शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here