कांगड़ा में बड़ा हादसा: बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से लाइनमैन की मौत

0
31

(ब्यूरो रिपोर्ट ),

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से विद्युत विभाग के एक युवा लाइनमैन की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान मोहन लाल उर्फ मोनू (28) निवासी रानीताल के रूप में हुई है, जो विद्युत उपमंडल विंद्रावन में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार रविवार रात आए तेज तूफान के चलते क्षेत्र में कई जगह बिजली की तारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं।

सोमवार सुबह मोहन लाल अपनी टीम के साथ निगम वार्ड-7 विंद्रावन के जंगल क्षेत्र में टूटी हुई बिजली लाइन को दुरुस्त करने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि सुरक्षा के तहत लाइन को पहले बंद किया गया था और मोहन लाल खंभे पर चढ़कर तारों की मरम्मत कर रहा था, जबकि नीचे अन्य कर्मचारी तार खींचने का काम कर रहे थे।

इसी दौरान अचानक किसी कर्मचारी द्वारा बिजली लाइन दोबारा चालू कर दी गई, जिससे तारों में करंट दौड़ गया। नीचे मौजूद कर्मचारियों को करंट का अहसास होते ही उन्होंने तुरंत तार छोड़ दिए, लेकिन खंभे पर काम कर रहे मोहन लाल करंट की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में विभागीय लापरवाही की आशंका भी जताई जा रही है।

कुछ महीने पहले ही हुई थी शादी

बताया जा रहा है कि मोहन लाल की शादी अभी कुछ ही महीने पहले हुई थी। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र में भी इस हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here