छह महीने बाद भी बहाल नहीं हो सकी गैहरा–मरौर वाया छतराडी सड़क, ग्रामीणों में रोष जल्द बहाल नहीं हुई सड़क तो होगा आंदोलन

0
12

भरमौर (ओपी शर्मा ,संवाददाता ),

भरमौर क्षेत्र में गैहरा–मरौर वाया छतराडी लोक निर्माण विभाग की सड़क पिछले छह महीने से बंद पड़ी है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छतराडी टीचर कॉलोनी के पास लगा डंगा ढह जाने से समस्या और गंभीर हो गई है। सड़क बहाल न होने के कारण ग्रामीणों को मजबूरी में अपना सामान पीठ पर उठाकर या खच्चरों के सहारे एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना पड़ रहा है।

सड़क की खराब हालत के कारण मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि इस सड़क निर्माण के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी कई बीघा जमीन विभाग को दान दी थी। अगस्त माह में हुई भारी बारिश के चलते सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों में खासा रोष है।

ग्रामीणों ने विभाग को चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे दान की गई जमीन पर दोबारा फसल बो देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी। यह सड़क दो पंचायतों को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से बंद रहने के कारण लोगों की दैनिक आवाजाही प्रभावित हो रही है।

उधर, संबंधित ठेकेदार गिफ्ट डीड न होने का हवाला देकर निर्माण कार्य शुरू नहीं कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गिफ्ट डीड करवाना विभाग का दायित्व है, लेकिन इसमें जानबूझकर देरी की जा रही है।

इस बारे में सहायक अभियंता राकेश मरोल ने बताया कि गिफ्ट डीड की प्रक्रिया के कारण कार्य में देरी हुई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सोमवार तक राजस्व विभाग के पटवारी व अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर गिफ्ट डीड की औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी और सड़क को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here