चंबा (एम एम डैनियल/ब्यूरो चीफ),
चमेरा पावर स्टेशन-I में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को गति देने व हिंदीमय वातावरण सृजित करने के उद्देश्य से पावर स्टेशन के स्काड़ा हाल में एक काव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ समूह महाप्रबंधक (प्रभारी) प्रवेश कुमार जैन, अनुराधा जैन,(धर्मपत्नी) समूह महाप्रबंधक (प्रभारी) महोदय तथा कविगणों ने भारतीय परंपरा के अनुसार दीप प्रज्ज्वलित करके किया। काव्य संगोष्ठी के प्रारम्भ में समूह महाप्रबंधक (प्रभारी) महोदय द्वारा आमंत्रित कवियों को हिमाचली शाल व टोपी एवं पौधे देकर सम्मानित किया गया। इस काव्य संगोष्ठी में जिला चंबा के चार कवियों को आमंत्रित किया गया था। काव्य संगोष्ठी की शुरुआत करते हुए सर्वप्रथम कवयित्री उपासना ‘पुष्प’ ने काव्य प्रस्तुति दी। उसके उपरांत कवि अशोक ‘दर्द’ ने अपनी पहाड़ी और हिंदी कविताओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्र मुग्ध किया। कवि विशाल वर्मा ने चुटीली व्यंग्य कविताओं से श्रोताओं का मनोरंजन किया। मानवीय संवेदनाओं के कवि बलदेव मोहन खोसला ने अपनी शानदार काव्य प्रस्तुति विशेषकर डलहौज़ी के ऊपर लिखी कविता “कौन छोड़कर जाए डलहौजी तेरी सड़कों को” से श्रोताओं को विभिन्न काव्य रसों से सराबोर कर दिया। कवियों ने विभिन्न सामाजिक व व्यावहारिक विषयों पर कविता सुना कर सभी का दिल जीत लिया। कवियों द्वारा प्रस्तुत रचनाएँ समयानुकूल, प्रेरणादायक एवं स्वस्थ मनोरंजन से भरपूर रही। इसके अतिरिक्त, राजभाषा की प्रगति एवं प्रचार-प्रसार के लिए चमेरा पावर स्टेशन-I के बांध व जलाशय, एचएमडी विभाग और पावर हाउस के कार्मिकों के लिए “राजभाषा हिंदी का महत्व” विषय पर हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसके विजेताओं को काव्य संगोष्ठी के दौरान समूह महाप्रबंधक- प्रभारी महोदय एवं आमंत्रित कविगणों द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (सिविल) दीपक रत्न सागर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण व कार्मिकगण, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।