मनाली : खखनाल गांव में आग लगने से 80 लाख की संपत्ति राख

0
162

मनाली (रेणुका गोस्वामी/संवाददाता),

मनाली से लगभग 12 कि०मी० दूर खखनाल गांव में पिछले कल सुबह लगभग सवा आठ बजे राधा एनजीओ के निवास में अचानक आग लग गई। आग लगने से अफरा तफरी मच गई। एनजीओ की संचालिका सुदर्शना ठाकुर इससे पहले की कुछ समझ पाती आग ने सारे घर को अपने घेरे में ले लिया। देखते ही देखते आग चारों ओर फैल गई। सुदर्शना ठाकुर ने सतर्कता दिखाते हुए अंदर रह रहे बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हालांकि उन्हें घर के अंदर से तिनका भी निकालने को नहीं मिला लेकिन आग से किसी को जानी नुकसान नहीं हुआ है। जब मकान में अचानक आग लगी तो सुदर्शना अपने 10 लड़के लड़कियों के साथ घर में थी। मकान ब्रिगेडियर सुशील चन्द्र का है तथा सुदर्शना ठाकुर इस मकान में किराएदार के तौर पर रह रही हैं। मकान मालिक को लगभग 70 लाख का जबकि सुदर्शना ठाकुर को भी लगभग 15 लाख का नुकसान हुआ है। सुदर्शना ठाकुर का घर में रखा सारा फर्नीचर, किचन का सामान, आचार का सामान व आचार के डिब्बे, ऊनी वस्त्र, ऊन से बनी जुराबें व अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। सुदर्शना ठाकुर ने बताया कि वह आचार व ऊनी वस्त्र बनाने का काम करते हैं तथा एनजीओ में रह रहे बच्चों का भी यही सामान सहारा था। उन्होंने बताया कि आग की इस घटना ने उन्हें सड़क पर ला दिया है। मौके पर पहुंचे एसडीएम मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि राधा एनजीओ की संचालिका सुदर्शना ठाकुर नौ लड़कियों व एक लड़के के साथ इस घर में रह रही हैं। उन्होंने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं लेकिन घर में रखा सारा सामान जल गया है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम को मौके पर रवाना कर दिया था। पुलिस जवान भी समय पर पहुंच गए थे। तीन मंजिल इस घर में आग लगने से डेढ़ मंजिल जल गई है। उन्होंने बताया कि आग लगने से लगभग 85 लाख का नुकसान हुआ है। घर के अंदर रखे आचार के ड्रम, प्रदर्शनी के लिए तैयार किया हैं डलूम व हैंडीक्राफ्ट का सामान सहित घर का सारा सामान जल गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here