बाल विकास परियोजना अधिकारी पच्छाद द्वारा जागरूकता शिविर आयोजित

0
717

सराहां (अशोक चौहान, संवाददाता),
बाल विकास परियोजना अधिकारी पच्छाद द्वारा पोषण माह 2023 के समापन पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय सभागार सरांहा में किया गया | जिसकी अध्यक्षता डॉ. संजीव धीमान, उप मण्डलाधिकारी नागरिक पच्छाद के द्वारा की गई। उक्त शिविर में डॉ.संदीप शर्मा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी पच्छाद रमेश शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी पच्छाद, डॉ. नितिका, आर्युवेदिक चिकित्सा अधिकारी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। उक्त अवसर पर डॉ. नितिका द्वारा उपस्थित आंगनबाडी कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं को पोषण अभियान को सफल बनाने हेतु पौष्टिकता युक्त खान पान को दैनिक दिनचर्या में उपयोग लाने हेतु आहवान किया तथा संतुलित मात्रा में कार्बोहाईडेट, वसा, विटामिन तथा खनिज पदार्थों को अपने नित्य भोजन में सम्मिलित करने हेतु जागरूक किया।

डॉ.संदीप शर्मा द्वारा गर्भवती माताओं एवं बच्चों को समय पर टीकाकरण एवं वांछित विटामिन प्रयोग करने बारे बताया गया। उनके द्वारा यह भी बताया गया कि स्वस्थ बच्चा स्वस्थ समाज का निर्माण करता है, अतः महिलाओं को गर्भावस्था एवं बच्चे के जन्म उपरांत प्रथम छः माह तक केवल और केवल मां का दूध ही प्रयुक्त करने की सलाह दी तथा अनिमिया को दूर करने हेतु भरपूर मात्रा में संतुलित आहार ग्रहण करने बारे परामर्श व जागरूक किया। रमेश शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी पच्छाद द्वारा संतुलित आहार के साथ-साथ निजी स्वच्छता को नियमित दिनचर्या का भाग बनाने बारे जागरूक किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों को स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता शपथ भी दिलवाई गई। इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी नागरिक सरांहा द्वारा पच्छाद परियोजना की 9 आंगनबाडी कार्यकर्ता तथा 9 सहायिकाओं को उनके लम्बे सेवाकाल में निष्ठा भाव से कार्य करने हेतु जीवनभर उपलब्धि पुरस्कार से नवाजा गया । अंत में डॉ. संजीव धीमान, उपमण्डल अधिकारी नागरिक के द्वारा अपने सम्बोधन में आंगनबाडी कार्यकताओं के द्वारा पोषण अभियान को सफल बनाने पर आंगनबाडी कार्यकर्ताओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। उन्होंने मार्गदन देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि आंगनबाडी केन्द्र को आधुनिक एवं आर्कषक बनाया जाए, ताकि लोग अपने बच्चों को आंगनबाडी केन्द्रों में हर्ष के साथ भेजें। इसके अतिरिक्त उन्होंने अपने-अपने घरों में बेटा-बेटी में भेदभाव न करने हेतु परामर्ष एवं आहवान किया।

इस अवसर पर उन्होंने समस्त आंगनबाडी कार्यकर्ताओं को स्थानीय राज्य स्तरीय मेला में उनके द्वारा निर्मित हिमाचली व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाए जाने पर भी प्रशंसा की एवं बधाई दी तथा यह भी आहवान किया कि वे परम्परागत व्यंजनों का उपयोग जिसमें मोटे अनाज सम्म्लित हों अपने दैनिक भोजन में सम्मिलित करें। अंत में दीपक चैहान बाल विकास परियोजना अधिकारी पच्छाद के द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को पोषण अभियान के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्रदान की गई तथा मुख्य अतिथि एवं समस्त प्रतिभागियों का शिविर में भाग लेने पर धन्यवाद किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here