सोलन : सोलन में किया गया मेगा रोजगार मेले का आयोजन

0
233

सोलन (कमलजीत/संवाददाता),

आज सोलन में मेगा रोजगार मेला का आयोजन किया गया | प्रदेश सरकार शीघ्र ही शिक्षित बेरोजगार युवाओं को अपने घर से ही रोज़गार प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन सुविधा प्रदान करेगी। डॉ. शांडिल आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित मेगा रोज़गार मेले का शुभारम्भ करने के उपरांत उपस्थित युवाओं को सम्बोधित कर रहे थे। आज के रोज़गार मेले में 50 विभिन्न कम्पनियों द्वारा युवाओं को रोज़गार के अवसर प्रदान किए गए। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार सभी 77 रोज़गार कार्यालयों का कम्प्यूटरीकरण करेगी। उन्होंने कहा कि रोज़गार कार्यालयों को कम्प्यूटरीकृत करने से बेरोज़गार युवाओं को पंजीकरण एवं आवेदन इत्यादि की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रणाली के ऑनलाइन होने से जहां युवा अपने घर से ही उपलब्ध रोज़गार के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे वहीं सारी जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में रोज़गार मेलों का आयोजन भी ऑनलाइन किया जा सकेगा। श्रम एवं रोज़गार मंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप रोज़गार एवं स्वरोज़गार के बेहतर अवसर प्रदान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए जहां सभी ज़िलों में समय-समय पर रोज़गार मेलों का आयोजन किया जा रहा है वहीं विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को अपना स्वरोज़गार स्थापित करने के लिए रियायतें प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इसी दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा ‘मुख्यमंत्री रोज़गार संकल्प सेवा’ आरम्भ की गई है। इसके माध्यम से प्रदेश के दूर-दराज़ के क्षेत्रों के युवाओं को प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोज़गार अवसरों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोज़गारी सभी के लिए चिंता का विषय है और इस समस्या से निजात पाने के लिए प्रदेश सरकार योजनाबद्ध कार्य कर रही है |

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here