सिरमौर (राजकुमार सूद/संपादक),
प्रदेश में कोरोना के मामले दिन प्रतिदिन तेजी से बढ़ते जा रहे है | वहीं सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र के 67 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना से मौत हो गई | जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग अन्य बीमारियों से भी ग्रसित था | गम्भीर हालत में देखते हुए उन्हें राजगढ़ अस्पताल से नाहन मेडिकल कॉलेज में 4 अप्रैल को दाखिल किया गया था | बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव भी था | मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने कोरोना संक्रमित बुजुर्ग के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग अन्य बीमारियों से भी ग्रसित था। उन्होंने कहा कि मृतक का कोरोना प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया जा रहा है। कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग ने आज नाहन मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया | सिरमौर में कोरोना के 104 सक्रिय मामले हैं और जिले में अब तक 228 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में कोरोना सक्रिय मामलों की संख्या 1739 के पार हो गई है।। स्वास्थ्य विभाग ने जिला चिकित्सा अधिकारियों को प्रतिदिन कोरोना की समीक्षा को लेकर बैठक करने को कहा है। कोरोना से निपटने के लिए 10-11 अप्रैल को प्रदेश में मॉकड्रिल की जाएगी। प्रदेश ने केंद्र सरकार से कोरोना वैक्सीन की मांग की है। प्रदेश में कोरोना की पिछले एक सप्ताह की संक्रमण दर 6.6 हो गई है, जबकि अस्पताल में प्रवेश की दर 0.9 फीसदी पहुंच गई है, लेकिन प्रदेश में कोरोना वैक्सीन खत्म हो चुकी है, जिसकी केंद्र से कई बार मांग की जा चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल के अनुसार कोरोना से निपटने के लिए राज्य के अस्पतालों में पर्याप्त बिस्तर, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर हैं।

