निशेष शर्मा राजगढ़।
राजगढ़ उपमंडल के जौला गांव में जमीन और घास काटने को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस थाना राजगढ़ में दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।पहली शिकायत रीना देवी पत्नी संदीप निवासी गांव जौला ने दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार, 25 नवंबर को उसकी बेटी स्वीटी और पति संदीप घास काटने के लिए घासनी में गए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे उसका ससुर बेली राम, देवर और परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया और ससुर ने घास काटने से रोकते हुए जमीन का एक इंच भी न देने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने पत्थर फेंके और उनके साथ मारपीट की।वहीं, दूसरे पक्ष से बेली राम पुत्र स्वर्गीय साल्कू राम निवासी जौला ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने बेटों अनदीप और विपिन के साथ घर के पास घासनी में घास काट रहा था। इसी दौरान उसका बड़ा बेटा संदीप, बहू रीना, पत्नी राधा और पोती स्वीटी वहां पहुंचे और उनकी तरफ पत्थर फेंकने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर संदीप ने उसके साथ मारपीट की और बाद में बेटे विपिन के साथ भी मारपीट की गई।पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।