ब्यूरो रिपोर्ट
। नाहन-अंधेरी रूट पर चलने वाली HRTC बस की चपेट में आने से व्यक्ति की बाईं टांग में गहरी चोट आई है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता राम लाल निवासी गांव लुधियाणा, डाकघर अंधेरी, तहसील संगड़ाह ने बताया कि 24 नवंबर को वह रेणुका मेले में आया था। शाम करीब 7:15 बजे जब नाहन-अंधेरी रूट की बस ददाहू बस स्टैंड पहुंची तो बस में सीट पकड़ने के लिए यात्रियों में आपाधापी मच गई। इसी दौरान वह भी सीट लेने के लिए बस की ओर बढ़ा।आरोप है कि बस चालक ने भीड़ को देखते हुए बस नहीं रोकी और धीमी गति से आगे बढ़ाता रहा। इसी दौरान धक्का लगने से राम लाल सड़क पर गिर गया और बस का कंडक्टर साइड वाला अगला टायर उसकी टांग पर चढ़ गया। हादसे में उसकी बाईं टांग में गहरी चोट आई।पुलिस थाना रेणुका जी में चालक राजेश के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।